अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
रोडवेज की चेकिंग टीम के सदस्य शनिवार को सरकारी जीप में आईजी ऑफिस के सामने अवैध जीपों पर नकेल कसने गए थे। वहां कुछ जीपों में अवैध तरीके से सवारियां बिठाई जा रही थीं। आरोप है कि वहां सरकारी जीप को दो चालकों ने वाहन से दाएं और बाएं से टक्कर मारी और अपने वाहनों के साथ फरार हो गए। इससे पहले उन्होंने टीम सदस्यों के साथ हाथापाई की। पुलिस ने अवैध सवारी ढोने वाले दो चालकों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और सरकारी जीप क्षतिग्रस्त करने का केस दर्ज किया है।
रोडवेज की जीप के चालक मेवासिंह की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ है। लेखा अधिकारी राजकुमार श्योकंद, इंस्पेक्टर धर्मपाल, सब इंस्पेक्टर रामप्रसाद, रामपाल, गोपीराम, विजय और चालक मेवासिंह सरकारी जीप में आईजी ऑफिस चौक पर पहुंचे। वहां अवैध रूप से जीपों में सवारी बिठाई जा रही थीं। टीम के सदस्यों ने जीप रोककर सवारियां बिठाने का विरोध किया तो उनके चालकों ने टीम के सदस्यों से हाथापाई की। उसके बाद दो चालकों ने अपनी जीप में बैठकर जीप दौड़ा दी। एक ने सरकारी जीप को दाईं तरफ और दूसरी ने बाईं तरफ टक्कर मारी और वे जीपों को दौड़ा ले गए। कुछ और जीपों में सवारियां बिठाई जा रही थीं। उनके चालक भी जीप दौड़े ले गए। टीम के सदस्य बाद में पीएलए चौकी में पहुंचे और चालक मेवासिंह ने वहां एक लिखित शिकायत दी। सिविल लाइन पुलिस ने दो जीपों के चालकों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त करने का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।