अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बालसमंद के किसान फिलिंग स्टेशन से दो लोगों ने सात महीने पहले उधार में छह दिन में 5.08 लाख रुपये का डीजल खरीदा था। अब दोनों ने पेमेंट देने से इनकार कर दिया है। चेक पहले बाउंस हो चुका है। सदर थाना पुलिस ने दोनों नामजद के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है।
आदमपुर के मॉडल टाउन निवासी इंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने एसपी को शिकायत देकर दो लोगों पर 5,08,844 रुपये न चुकाने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि बालसमंद में उनका किसान सेवा केंद्र के नाम से फिलिंग स्टेशन है। जींद के कस्बे सफीदों का धर्मपाल और राजस्थान के जिला गंगानगर के गांव सावंतसर का राजेंद्र पूनिया 1 अप्रैल 2017 को फिलिंग स्टेशन पर आए थे। धर्मपाल ने बताया था कि वे हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में टावर्स पर डीजल सप्लाई करते हैं। उन्होंने कहा था कि वे रोज आपसे 2000 लीटर डीजल खरीदेंगे। हमारा कोई भी आदमी डीजल लेने आए तो हमारी फोन पर बात करा देना और रसीद पर साइन कर उसे डीजल दे देना। पेमेंट बाद में कर दी जाएगी। इस तरह 3 से 8 अप्रैल तक उनके कारिंदे 9022 लीटर डीजल ले गए। जिसकी कीमत 5,08,844 रुपये बनती है। उसके बाद वे तीन दिन तक पेट्रोल पंप पर नहीं आए। फिर उसने धर्मपाल व राजेंद्र से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि हमने दूसरे पेट्रोल पंप से डीजल से लेना शुरू कर दिया है। उसके बाद हिसाब करने के लिए कहा तो धर्मपाल ने उसे 20 मई 2017 को एक चेक दिया। चेक एक्सिस बैंक में लगाया तो बाउंस हो गया। उसके बाद वे टरकाते रहे। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों नामजद के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है।
पेट्रोल पंप से 5.08 लाख रुपये का डीजल खरीदकर नहीं की पेमेंट, दो पर केस दर्ज