अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद। उपमंडल के गांव मिलकपुर में स्वीमिंग पूल में जींद के एक युवक की हत्या मामले में नारनौंद पुलिस ने 9 महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मिलकपुर गांव में बने स्वीमिंग पूल में जींद जिले के 6 दोस्तों में से जून 2018 में एक युवक की मौत के मामले में नारनौंद पुलिस ने जींद जिले के ठाढरथ निवासी खुशीराम को 9 महीने बाद गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार जींद जिले के 6 दोस्त 3 जून 2018 को मिलकपुर के स्वीमिंग पूल में नहाने के लिए आए थे। इनमें से एक युवक जींद के पटेल नगर निवासी गौरव की मौत हो गई थी। पुलिस ने उसके दोस्तों सहित अनेक पहलुओं पर जांच करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। जांच में सभी दोस्तों से पूछताछ करने के बाद पुलिस को खुशीराम पर शक हुआ। उससे पूछताछ की गई तो उसने सब उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि पुरानी किसी बात को लेकर वह उससे रंजिश रखता था। जिस समय वे वहां नहाने गए थे, उस समय उन्होंने शराब पी हुई थी। पुलिस के अनुसार खुशीराम ने बयान दिया कि शराब के नशे का बहाना बनाकर उसने स्वीमिंग पूल की दीवार से गौरव का सिर टकराकर उसकी हत्या कर दी। उस समय हमारे सभी दोस्त डांस कर रहे थे, जिसका फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद उन्होंने पांव फिसलकर गिरने की बात कही।
इस संबंध में नारनौंद थाना प्रभारी राजसविंद्र ने बताया कि काफी समय से इस मामले में जांच चल रही थी। सोची समझी साजिश के तहत खुशीराम ने अपने दोस्त की हत्या की थी। उसको वीरवार को गिरफ्तार कर लिया था, जिसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।