अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
एडीजे डॉ. पंकज की अदालत ने एक मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस की छात्रा के साथ होटल में रेप कर अश्लील एमएमएस बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी कुरुक्षेत्र के गांव गढी रोड़ान के राहुल चौधरी उर्फ राहुल रोड को दोषी करार दिया है। अदालत उसे 14 नवंबर को सजा सुनाएगी।
मेडिकल कॉलेज की छात्रा ने 24 जुलाई 2014 को पुलिस को शिकायत देकर गढी रोड़ान के राहुल पर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर हिसार के एक होटल में रेप और छेड़छाड़ कर अश्लील एमएमएस बनाने व फोटो खींचने का आरोप लगाया था। छात्रा ने कहा था कि अश्लील क्लिप इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है और उससे नकदी व महंगे गिफ्ट वसूल रहा है। छात्रा ने शिकायत में कहा था कि वह पहले पीएमटी की कोचिंग लेती थी। तब उसकी मुलाकात राहुल से हुई थी। बाद में मेडिकल कॉलेज और राहुल का मुज्जफरनगर के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिल हो गया। वह उससे फोन पर संपर्क करता रहा। वह 14 मई 2014 को कॉलेज में आया था। वह दोस्ती के बहाने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसे हिसार के एक होटल में ले गया था।
छात्रा ने शिकायत में कहा था कि उसे होटल में नींद आ गई। जब आंख खुली तो वह कमरे में बेड पर निर्वस्त्र थी और उसके हाथ-पैर बंधे थे। उसने शोर मचाया तो राहुल ने मारपीट कर बोला कि मैंने तुम्हारे साथ शारीरिक संबंध बनाकर सीडी बना ली है और फोटो भी खींचें हैं। यदि भविष्य में तू मेरी बात नहीं मानेगी तो तेरी छोटी बहन को उठवा दूंगा और तुम्हारे परिजनों को मार डालूंगा। उसके बाद उसने एमएमएस सोशल मीडिया पर डालने की बात कहकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह फोन कर उसे होटल के कमरे में ले जाकर छेड़छाड़, दुष्कर्म और कुकर्म करता है। वह चार दिन से उनके मेडिकल कॉलेज परिसर में डेरा डाले हुए था। वह कक्षा में आती-जाती है तो राहुल डराने का प्रयास करता है। मैंने तंग होकर 26 जून को पिता को फोन कर आपबीती बता दी। उसके पिता ने आकर प्रबंधन से बात की तो वह भनक पाकर वह फरार हो गया। अग्रोहा थाना पुलिस ने नामजद राहुल के खिलाफ नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला बंधक बनाकर दुष्कर्म, कुकर्म व छेड़छाड़ करने, जान से मारने की धमकी देने, नकदी वसूली और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने तफ्तीश में नकदी वसूली और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने की धारा हटा दी थी।
एमबीबीएस छात्रा से होटल में बार-बार रेप करने का आरोपी दोषी करार, सजा 14 को
- छात्रा ने कहा था, एमबीबीएस के छात्र ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला रेप कर बना ली क्लिप, अब
- उसे नेट पर डालने की धमकी दे वसूल रहा है नकदी व गिफ्ट
- ब्लैकमेलिंग से तंग होकर पीड़िता ने परिजनों को बता दी थी आपबीती