अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
उकलाना में पश्चिम बंगाल से एक युवती को बहाला-फुसलाकर लाकर बेचने का मामला सामने आया है। युवती को बेचने के लिए एक कमरे में बंद करके रखा जा रहा था। किसी तरह युवती कमरे से बाहर निकलकर मौके से भागी। युवती सुरेवाला से भागती हुई उकलाना के नजदीक खेतों में पहुंची। वहां एक व्यक्ति को मिली। युवती ने उसे आपबीती बताई और मदद के लिए गुहार लगाई। व्यक्ति ने युवती की पीड़ा सुन उसे थाने पहुंचाया।
उकलाना के नई अनाज मंडी में रहने वाले सुनील ने पुलिस को शिकायत दी उसके पिता श्यामलाल सुबह जब खेत में घूमने के लिए निकले तो एक सहमी हुई युवती भागती हुई पहुंची। उसने बताया कि वह पश्चिम बंगाल जिला वीरभूम की रहने वाली है। महिला ने आरोप लगाया कि उसको बाबू और सुभाष नाम के व्यक्ति रेलवे स्टेशन से उठाकर ले आए। युवती की बात सुनकर वे उसे थाने ले गए।
सुरेवाला के सरकारी स्कूल के पास रखा एक घर में
युवती ने थाने में पुलिस के समक्ष बताया कि बाबू और सुभाष उसे सुरेवाला के सरकारी स्कूल के पास स्थित टायर पंक्चर की शॉप मालिक के घर ले गए। युवती ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसे जबरदस्ती घर में बंद करके रखा और उन्होंने बेचने की साजिश रची। उसे मामले की भनक लग गई और वह टॉयलेट के बहाने कमरे से बाहर निकलकर भाग निकली। उकलाना थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
उकलाना निवासी ने पुलिस को सौंपा, आरोपियों पर केस दर्ज