अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। डीएन कॉलेज रोड पर मंगलवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया और छह दुकानों के ताले चटका डाले। इनमें से तीन दुकानों में वे नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए, लेकिन बाकी तीन दुकानों में वे अंदर प्रवेश करने में नाकाम रहे। चोर जाते हुए कैमरे की तरफ बाय-बाय करते हुए वहां से निकले। आरोपियों ने हेलमेट और नकाब भी पहने हुए थे। सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच दुकानों का मुआयना किया और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी सुराग इकट्ठा किए।
बुधवार सुबह डीएन कॉलेज रोड पर स्थित दुकानों में चोरी की खबर फैलते ही व्यापारी मौके पर एकत्रित हो गए। जांच के बाद पाया गया कि एक के बाद एक छह दुकानों के ताले चोरों द्वारा तोड़े गए। जांच के बाद पाया गया कि तीन दुकानों में नकदी व सामान चोरी हुआ है। जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें कंफेक्शनरी, किरयाणा और ट्रेडर्स की दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों से चोर हजारों रुपये की नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए।
इनके ताले चटकाए, पर चोरी नहीं कर पाए
चोरों द्वारा गर्ग किरयाणा स्टोर, बवेजा इलेक्ट्रॉनिक्स और रमन पेंट्स के गोदाम के भी ताले तोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने बाहर मुख्य शटर के ताले तो तोड़ लिए, लेकिन सेंटर लॉक होने के कारण वे इनके अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
इन दुकानों में ये हुई चोरी
1 - सिंगला कन्फेक्शनरी के मालिक रमेश कुमार ने बताया कि चोर उसके यहां से करीब आठ हजार रुपये नकद, चॉकलेट का डिब्बा चोरी कर ले गए।
2 - विनोद ट्रेडर्स के मालिक विनोद कुमार ने बताया कि उनके दुकान के गल्ले तो कैश नहीं था, लेकिन दानपात्र था, जिसमें पांच हजार रुपये से अधिक की नकदी थी, जिसे चोर चोरी कर ले गए।
3 - महेंद्रा ट्रेडिंग कंपनी के मालिक महेंद्र गोयल ने बताया कि गल्ले में करीब सात हजार की नकदी थी, जिसे चोर चुरा ले गए।
यूं पता चला चोरी की वारदात का
बुधवार सुबह एक व्यक्ति देवी भवन पर जा रहा था। उसने एक दुकान के ताले टूटे देखे तो उसने पेंट वाले को फोन किया। दुकान वाले अपनी दुकान को सेफ पाया और सिंगला कन्फेक्शनरी के ताले टूटे देख उसके मालिक रमेश कुमार को फोन किया। इसके बाद तो एक के बाद एक दुकान के ताले टूटने की बात पता चलती गई और आनन-फानन में दुकान मालिक अपनी दुकानों को संभालने मौके पर पहुंचने लगे।
आरोपियों के हाथों में थीं रॉड
मार्केट में श्री हरि कम्यूनिकेशन की दुकान पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। इस कैमरे में चोरों की हरकतें कैद हुई हैं। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो रही, क्योंकि उन्होंने नकाब तो पहन ही रखा था, साथ ही हेलमेट भी पहने हुए थे। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि उनके हाथों में राड भी थी, जिससे उन्होंने ताले तोड़े हैं और उनकी संख्या 3 या 4 रही होगी।
मार्केट में नहीं एक भी चौकीदार
डीएन कॉलेज रोड पर जहां दुकानों में चोरी हुई, वह मार्केट लोहा मंडी मार्केट के नाम से जानी जाती है। इस मार्केट में कोई चौकीदार नहीं है। दरअसल चौकीदार की नियुक्ति मार्केट के दुकानदारों द्वारा स्वयं की जाती है। कुछ दुकानदारों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यहां दुकानदार चौकीदार रखने के लिए उसको दिए जाने वाले 300 रुपये प्रति माह मेहनताना देने के लिए राजी नहीं हैं। इस बात पर सहमति नहीं बनने के कारण ही यहां चौकीदार नहीं रखा जा सका।
पिछले माह ये बड़ी चोरियां हुईं
7 जनवरी 2019 - पांच स्थानों पर दुकानों व मकानों में चोरी
8 जनवरी - चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी व सामान चोरी
9 जनवरी - पांच स्थानों पर दो मकानों व बैंकों के एटीएम में चोरी
12 जनवरी - हांसी में छह स्थानों पर चोरी
13 जनवरी - अनाज मंडी में तीन दुकानों में चोरी
13 जनवरी - उकलाना, अग्रोहा, सीसर में तीन स्थानों पर चोरी
तीन दुकानों में चोरी हुई है और तीन में प्रयास किया गया है। अज्ञात के केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध ठिकानों पर जाकर पूछताछ की गई है। गाड़ी को लेकर ऋषि नगर में भी जांच की गई है। -इंस्पेक्टर मनदीप सांगवान, इंचार्ज, सिटी थाना