अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। पारिजात चौक पर मंगलवार रात आठ बजे बाइक सवार दो-तीन युवक स्कूटी पर पीछे बैठी सेक्टर-15 निवासी कृष्णा छाबड़ा का बैग छीनकर फरार हो गए। स्कूटी को महिला का पति इंद्र कुमार छाबड़ा चला रहा था। छीनाझपटी में महिला गिरने से घायल हो गई। उनको इलाज के लिए एक अस्पताल में ले जाया गया। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सेक्टर-15 के गौरव ने बताया कि उसके पापा इंद्र कुमार छाबड़ा ऑटो मार्केट में बीमा एजेंट का ऑफिस चलाते हैं। उसके पापा और मम्मी कृष्णा रात करीब आठ बजे ऑटो मार्केट से स्कूटी पर घर लौट रहे थे। वे कोरियर कराने के लिए पारिजात चौक के पास पहुंचे तो बाइक पर पीछे से तीन युवक आए। उनमें से एक ने झपट्टा मारकर मम्मी का बैग छीन लिया। छीनाझपटी में उसकी मम्मी गिरने से घायल हो गई और बाइकर बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 60 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात थे। बाद में महिला का इलाज एक अस्पताल में कराया गया। किसी ने पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात की जानकारी दी। तभी पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।