अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
डेरा प्रकरण को लेकर हिसार में कोई बलिदानी जत्था होने की बात सामने नहीं आई है। फिर भी पुलिस की साइबर सेल सोशल साइट्स पर पैनी नजर रखे हुए है और वेरिफाई किया जा रहा है, ताकि कोई शरारती तत्व किसी को उकसा न सके। डेरे के करीब 60 पदाधिकारियों की लिस्ट हमारे पास है। अगले आदेश तक पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात है। यह बात एसपी मनीषा चौधरी ने वीरवार को ऑफिस में प्रेस कांफ्रेंस में कही।
एसपी ने कहा कि कि साइबर सेल के कर्मचारी सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में धारा 144 लगी होने के कारण सच्चा सौदा के डेरों को तलाशी लेकर खाली कराया गया है। डेरों को सील करने की बात प्रशासनिक अधिकारी बता सकते हैं। मुगलपुरा के डेरे से लाठियां मिली थीं। उसके अलावा किसी डेरे में आपत्तिजनक कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान धारा 144 का उल्लंघन करने पर हिसार सिटी थाना, सिविल लाइन और अग्रोहा थाना एरिया से आठ आरोपी गिरफ्तार किए थे। इनमें पांच आरोपी डेरा अनुयायी थे। 31 अगस्त तक पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए थे। अभी तक कोई आदेश नहीं आया है। आगामी आदेश आने तक फोर्स तैनात हैं और उनकी तैनाती तक अलर्ट रहेगा।
अब अनसुलझी गुत्थियों पर फोकस
एसपी ने कहा कि महिला पुलिस दिवस समारोह, 15 अगस्त और फिर डेरा प्रकरण को लेकर पुलिस काफी व्यस्त रही। अब फिर से अनसुलझी गुत्थी सुलझाने पर फोकस किया जाएगा। बालसमंद पेट्रोल पंप लूटपाट में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी, चौधरीवास पेट्रोल पंप लूट, जमावड़ी मर्डर, डॉक्टर अपहरण प्रकरण और अन्य पेंडिंग केसों के आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑब्जर्वेशन होम से फरार छह किशोर आरोपियों में से एक आरोपी भिवानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में डीएसपी मोहम्मद जमाल और जोगेंद्र शर्मा भी मौजूद थे।
पुलिस के पास डेरे के 60 पदाधिकारियों की लिस्ट, पैरा मिलिट्री फोर्स है अलर्ट