अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिसार-सिरसा नेशनल हाईवे नौ पर गांव ढंढूर के फ्लाईओवर के पास शुक्रवार तड़के तीन बजे छह-सात नकाबपोश बदमाशों ने पथराव कर 19-20 चलती गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। उनका मकसद गाड़ी रोकने पर चालकों से लूटपाट करना था। तीन चालक मामूली तौर पर चोटिल हो गए। एक चालक ने पुलिस को शिकायत दी है, बाकी बिना कार्रवाई कराए चले गए। खास बात यह है कि वीरवार रात 10 बजे से शुक्रवार तड़के चार बजे तक पुलिस का नाइट डोमिनेशन था। बदमाशों ने नाइट डोमिनेशन के दौरान उपद्रव मचाकर पुलिस के सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है।
गांव डाबड़ा के संदीप कुमार ने बताया कि वह अपने ड्राइवर संदीप सिंह के साथ वीरवार रात को खानक से ट्रक में क्रेशर भरकर फतेहाबाद के लिए चले थे। तड़के के तीन बजे वे हिसार-सिरसा मार्ग पर गांव ढंढूर के फ्लाईओवर के पास पहुंचे थे, तभी अचानक कंडक्टर साइड वाले शीशे पर पत्थर लगा। वे संभले ही थे कि फ्रंट वाले शीशे पर पत्थर लगा। छोटा पत्थर अंदर आ गया और शीशा टूट गया। उन्होंने करीब 200 मीटर दूर जाकर गाड़ी रोकी। पीछे ग्रिल के किनारे छह-सात नकाबपोश युवक खड़े दिखे। संदीप ने बताया कि फिर हम गाड़ी दौड़ाकर एक होटल पर पहुंचे। संदीप ने बताया कि हमलावर आती-जाती गाड़ियों पर पथराव कर रहे थे। हमलावरों का मकसद यह था कि कोई गाड़ी पलटती है या चालक गाड़ी रोकता है तो लूटपाट की जाए। होटल पर चार कार, दो ट्रक और एक कैंटर वाला उनको मिले। उन चालकों ने बताया कि हमारी गाड़ियों पर भी पथराव हुआ है। संदीप ने बताया कि इस तरह उपद्रवियों ने 19-20 गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। फिर इसकी सूचना फोन पर पुलिस के कंट्रोल रूम में दी गई।
तीन चालकों को लगी चोटें, खतरा भांपकर दौड़ाई गाड़ी
संदीप ने बताया कि हांसी का ट्रक चालक राजेश भी पथराव का शिकार हुआ। पत्थर शीशा पार कर उसकी आंख के पास लगा। इससे उसकी एक आंख पर चोट लगी। इस तरह तीन चालकों को मामूली चोटें लगीं। चालक खतरा भांपकर गाड़ी दौड़ा ले गए। उसने बताया कि शीशे टूटने से गाड़ी मालिकों को डेढ़ लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
पुलिस गाड़ी के सायरन की आवाज सुनकर भाग गए बदमाश : संदीप
डाबड़ा के संदीप का कहना है कि फोन पर सूचना देने पर पुलिस की बोलेरो गाड़ी सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंची। सायरन की आवाज सुनकर बदमाश भाग खड़े हुए। हमने हाथ हिलाकर गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन बोलेरो हिसार की तरफ दौड़ गई। पुलिसकर्मियों ने कुछ देर बाद वापसी में गाड़ी रोकी। उसका कहना है कि यदि पुलिसकर्मी बोलेरो का सायरन न बजाते तो बदमाश पकड़े जाते। बदमाश सायरन की आवाज सुनकर भाग गए। कुछ लोगों ने बताया कि बदमाश इनोवा में आए थे। चालकों का कहना था कि बदमाशों की संख्या 15-20 थी।