हिसार। पुलिस ने दिसंबर 2018 के आत्महत्या के लिए मजबूर करने के एक मामले में मृतका के परिजनों की शिकायत पर हत्या की धारा जोड़ी है। इस संबंध में पीड़ित परिजनों की ओर से आईजी से मिलकर सुबूत के तौर पर ऑडियो उपलब्ध कराई गई। आईजी ने इस बारे में एसपी को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने आजाद नगर थाना इंचार्ज को केस दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस ने ऑडियो को आधार मानकर मामले में हत्या करने, सुबूत मिटाने की धाराएं जोड़ कर जांच शुरू कर दी।
मामले के अनुसार नवदीप कॉलोनी निवासी दलीप सिंह ने दिसंबर 2018 में पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि उसकी बेटी सुमन को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। इस पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। दलीप सिंह ने आईजी से मिलकर उन्हें बेटी की हत्या किए जाने की शिकायत दी। साथ ही उन्होंने एक सीडी भी उपलब्ध कराई, जिसमें आरोपियों द्वारा काम तमाम कर दिया जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। आजाद नगर थाना पुलिस ने 24 मई को मृतका के पति नवदीप कॉलोनी निवासी प्रमोद, फतेहाबाद के भट्टू कलां निवासी रविंद्र और नवदीप कॉलोनी हिसार निवासी उर्मिला के खिलाफ धारा 302, 201, 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जो तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं, उनकी जांच की जाएगी। ऑडियो रिकॉर्डिंग को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर दलेराम, इंचार्ज, आजाद नगर थाना।