अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
महिला थाना पुलिस ने मुलतानी चौक मोहल्ले की एक विवाहिता को नौकरी का झांसा देकर होटल में ले जाकर रेप करने के आरोपी फतेहाबाद के गांव रामसरा के सरजीत उर्फ जीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस संबंध में 19 मार्च को केस दर्ज किया था।
मुलतानी चौक मोहल्ले की 30 साल की एक महिला पति से अनबन के चलते छह महीने से अलग रह रही है। उसका एक बेटा है। महिला ने घटना के बाद महिला थाने में पहुंचकर शिकायत दी कि मेरे साथ एक व्यक्ति ने रेप किया है। महिला ने शिकायत में बताया कि 15 दिन पहले उसके पास एक व्यक्ति ने फोन किया था। उसने खुद को रामसरा का सुरजीत बताते हुए कहा था कि वह पहुंच वाला आदमी है। उसने कहा था कि वह उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिला सकता है। मुझे नौकरी की जरूरत है और उसकी बात पर यकीन कर लिया। फिर उसने मेरे पास कई बार फोन किए। फिर उसने फोन किया कि एक दिन बाद वह उसे अग्रोहा में अपने परिचित डॉक्टर से मिलवाएगा और उसे नौकरी मिल जाएगी। उसके बाद उसने अगले दिन सुबह मुझे फोन कर 12 बजे राजगढ़ रोड पर कोर्ट के सामने बुलाया। मैं वहां पहुंच गई। कुछ देर बाद वह सफेद रंग की स्विफ्ट कार में पहुंचा। वह मुझे कार में बिठाकर अग्रोहा की बजाय डाबड़ा रोड के एक होटल में ले गया और वहां उससे रेप किया। बाद में वह धमकी देकर फरार हो गया। महिला थाने की एसआई मेवा रानी की टीम ने सिविल अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच कराकर नामजद के खिलाफ दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी देने और अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।