अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सदर थाना पुलिस ने फतेहाबाद की महिला मीना की हत्या के आरोप में फतेहाबाद के स्वामी नगर के राजकुमार उर्फ राजू सैनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुुुलासा किया है कि उसने चरित्र पर शक होने पर लिव इन में रहने वाली मीना को घटना वाली रात पहले शराब पिलाई थी और फिर चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि उसका पत्नी के साथ तलाक हो चुका है। वह ऑटो चलाता था। 10 साल पहले उसकी मुलाकात फतेहाबाद की ही मीना के साथ हो गई थी। उसी दौरान मीना के पति की मौत हो गई थी। धीरे-धीरे उनमें नजदीकियां बढ़ गई थीं और फिर वे लिव इन रिलेशनशिप में सिवानी में रहने लगे थे। वह शराब पीने का आदी है। उसे अब शक हो गया था कि मीना के किसी से और से अवैध संबंध हैं। घटना वाली रात उसी मुद्दे पर उन दोनों में कहासुनी हो गई थी। मुझे पता चला था कि मीना ने किसी से फोन पर बात की है। मीना ने सफाई देते हुए एक आदमी से उसकी फोन पर बात कराई थी, लेकन मुझे मीना की बात पर भरोसा नहीं हुआ था। वह शराब पीए हुए था। उसने फिर और शराब पी और मीना को भी पिलाई थी। नशे में होने पर उसने मीना को सात अक्तूबर की रात चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। उसके हाथ-पांव चुन्नी से बांध दिए थे। फिर वह ऑटो रिक्शा में शव लेकर उसे ठिकाने लगाने घोड़ा फार्म रोड पर आया था। वह गंदे नाले में शव फेंकने लगा तो एक व्यक्ति ने उसे देख लिया था। वह डर गया था। वह शव और ऑटो रिक्शा छोड़कर फरार हो गया था। सदर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया था।
आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया है। उसका ऑटो मौके से बरामद हो चुका है। पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया गया है।
-देवेंद्र सिंह नैन, एसएचओ सदर थाना