हिसार। बठिंडा से चलकर रेवाड़ी को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के नीचे आकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। हालांकि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। राजकीय रेलवे पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया है। आसपास के थानों में सूचना देकर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
जीआरपी कर्मचारियों के अनुसार बुधवार रात को बठिंडा से रेवाड़ी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन हिसार से रवाना हुई थी कि करीब 10:30 बजे हिसार व सातरोड़ के बीच एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की उम्र लगभग 48 वर्ष है जबकि उसकी जेब से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिसकर्मी ने बताया कि मृतक ने पैरों में चप्पल जबकि धारीदार कमीज पहनी हुई थी। आसपास के लोगों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन किसी से कोई सुराग नहीं मिल पाया।