अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। शहर के एक प्राईवेट अस्पताल में नर्स का काम करने वाली 22 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में गायब हो गई। युवती के चाचा ने मामले में अस्पताल की सफाई कर्मचारी पर पैसे के लेनदेन में उसकी भतीजी का अपहरण करके बंधक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
रेलवे में मुख्य वाणिज्य लिपिक का काम करने वाले विरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय भतीजी भारती पिछले दो साल से शहर के एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करती थी। तब से वो हिसार में अपने चाचा के साथ ही रेलवे कालोनी में रहती थी। भारती की तबीयत पिछले कई दिन से खराब चल रही थी इसलिए वह घर पर ही रह रही थी। सोमवार को भारती ने अपने चाचा से कहा कि वह अस्पताल में सफाई का काम करने वाली महिला से 25 हजार रुपये लेने जा रही है जो उसने उसको कई दिन पहले उधार दिए थे। शाम तक जब भारती वापिस घर नही लौटी तो उन्होने उसको फोन किया तो उसका नंबर बंद मिला। नंबर बंद मिलने पर उन्होने भारती के बारे में अस्पताल में जाकर संपर्क किया तो अस्पताल कर्मियों ने बताया कि भारती यहां सुबह आई थी लेकिन कुछ ही देर में वापिस चली गई । लड़की के चाचा के आरोपों के अनुसार उसकी भतीजी का अस्पताल में सफाई का काम करने वाली महिला ने अपहरण करके उसको बंधक बनाया हुआ है। भारती का उसके साथ पैसे का लेनदेन था। वह घर से भी उसी से पैसे लेने आई थी। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि भारती को आखिरी बार इसी महिला के साथ देखा था।
जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है । अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है । युवती के मोबाइल व कॉल डिटेल से सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है । युवती के परिजनों ने जिन पर शक जताया है उनसे भी पूछताछ की जा रही है