शहर में शुक्रवार को लगाए गए सीपीएस के जनता दरबार में बिजली की शिकायतें खूब मिलीं। सीपीएस कमल गुप्ता ने बिजली निगम अधिकारियों के बारे में पूछा तो बिजली निगम के अधिकारी गैर हाजिर थे।
इस पर सीपीएस को गुस्सा आ गया। उन्होंने कहा कि बिजली निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए लिखेंगे। जिन राशन डिपो की शिकायतें ज्यादा थी उनका डिपो रद करने की अनुशंसा की जाएगी। उन्होंने जनता से अपना वादा दोहराते हुए कहा कि जनता के बीच बने रहेंगे।
जनता की समस्याओं का निदान कराएंगे। सीपीएस के साथ भाजपा जिला महामंत्री सुजीत कुमार, बीएलए टू प्रवीण जैन, मंडल अध्यक्ष सुनील दुग्गल, भूपेंद्र राघव, नरेश सिंगल, सुरेश धूपवाला, नरेंद्र मदान, सुशील सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
समय 3.20 से 3.50
स्थान - बारह क्वार्टर रोड हनुमान मंदिर : यहां लोगों ने डिपो होल्डर के खिलाफ शिकायतें दी। लोगों ने आरोप लगाया कि डिपो होल्डर लोगों को राशन नहीं देता।
आसपास की अधिकतर कॉलोनियों के 5 राशन डिपो एक ही परिवार के लोगों के पास हैं। डिपो संचालक एडीसी कार्यालय में सरकारी नौकरी भी करता है।
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि इस मामले की जांच कराएंगे। दोषी के खिलाफ पूरी सख्त कार्यवाही होगी। खास बात यह रही कि इस दौरान डिपो होल्डर मौके पर ही मौजूद था। कुछ लोगों ने डिपो होल्डर को मौके से बाहर निकालने की मांग की।
विकास की बात
बीएलए टू प्रवीण जैन ने बताया कि रायपुर रोड तथा मिर्जापुर रोड के लिए मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही इसके लिए टेंडर किए जाएंगे। कैंची चौक से मिलगेट तक की सड़क मार्केटिंग बोर्ड को ट्रांसफर हो गई है। जल्द ही इसके टेंडर भी हो जाएंगे।
समय 4.20 से 4.45
स्थान - सर्य नगर गली नंबर 22 हिंद हाई स्कूल : यहां लोगों ने राशन कार्ड की समस्याएं ज्यादा रखी। 18 से 20 लोगों ने नए राशन कार्ड बनाने की मांग की। करीब दस लोगों ने पेंशन की मांग को लेकर शिकायत दी।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि किसी दूसरी पार्टी के बहकावे में न आएं। हर एक समस्या का समाधान कराएंगे। गली में सीवर की लाइन डलवाने तथा गलियों के निर्माण की मांग भी की गई। महिलाओं ने पशुओं को हटवाने की शिकायत दी। सामूहिक मांग में लोगों ने सूर्य नगर आरओबी बनवाने की बात रखी।
विकास की बात
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि सूर्य नगर फाटक पर आरओबी बने या अंडरपास इस कॉलोनी के लोगों को फायदा नहीं होगा। इस कॉलोनी को फायदा हो ऐसा कुछ सुझाव दें। हमने चुनाव में जो वादा किया था उसे पूरा करने के लिए पूरा प्रयास करेंगे।
समय 5.10 से 5.55
स्थान - जिंदल पार्क, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सिरसा रोड : हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी आरडब्ल्यूए ने डॉ. कमल गुप्ता को कॉलोनी की समस्याओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पानी की लाइन डाली जाएं।
सीवर की लाइन का काम पूरा हो चुका है। अब बिजली के पुराने खंभों को हटाकर नई लाइन लगवा दी जाएं। पुराने जर्जर खंभों के कारण यहां हादसों की संभावना है। बिजली की लाइन तथा पानी की लाइनों का काम जल्द पूरा कराकर गलियों का निर्माण कराएं।
विकास के लिए
बीएलए टू प्रवीण जैन ने बताया कि इस कॉलोनी में बड़ा पार्क बनाया जाएगा, जिसके लिए 50 लाख रुपये का प्रोजेक्ट मंजूर कर लिया गया है। इस पर जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा। कॉलोनी की सड़कों के लिए 15 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
आरओरबी तथा ओवरब्रिज दोनों क्यों नहीं ?
सूर्य नगर निवासी नरेश ने सीपीएस के कहा कि मैंने आज से दस साल पहले आपसे यह समस्या उठाई थी। आप उस समय चुनाव लड़ लड़ रहे थे।
आप शायद भूल गए होंगे। यहां अंडरपास तथा ओवरब्रिज दोनों बन सकते हैं। दिल्ली तथा पानीपत में इस तरह से अंडरपास तथा ओवरब्रिज दोनों बने हुए हैं। सीपीएस कमल गुप्ता ने कहा कि आप मेरे कार्यालय में आओ वहां पूरे प्लान को लेकर विमर्श करेंगे।
युवा सेवा संघ ने दिया समस्याओं का चिट्ठा
हिसार। जनसंगठन युवा सेवा संघ ने सूर्य नगर में विधायक को सौंपे ज्ञापन में फाटक, हाईटेंशन तारों को हटाने, सीवरेज का काम जल्द पूरा कराने, टूटी-फूटी सड़कों का निर्माण, क्षेत्र में पानी की सप्लाई नियमित, सरकारी विद्यालय को 5वीं से बढ़ाकर 10वीं तक किए जाने, स्ट्रीट लाइट, लावारिस पशुओं, सरकारी डिस्पेंसरी की मांग रखी। संघ के प्रधान नरेश चुघ, महासचिव राजेश बराड़, मुकुल छाबड़ा, सतीश गौड़ सहित अन्य उपस्थित थे।