हिसार। कटला रामलीला मैदान निवासी अनीश जैन के घर से 80 ग्राम सोने के जेवरात और 90 हजार रुपये चोरी हो गए। मकान मालिक ने जब अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि घर के ही सदस्य ने अपने दोस्त के साथ मिलकर चोरी की वारदात की है। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हे।
अनीश जैन ने बताया कि वह अपने छोटा भाई स्वर्गीय मनीश के परिवार के साथ एक ही आवास में रहते हैं। मेरे कमरे में लॉकर हैं। इसमें जेवरात और नकदी रखते हैं। 22 अप्रैल को मेरी बेटी की शादी थी, उस समय लॉकर में नकदी और जेवरात थे। 15 जुलाई को जब लॉकर संभाला तो जेवरात और बेटी के शगुन में आए 90 हजार रुपये गायब मिले। अनीश ने बताया कि जब अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि छोटे भाई के बेटे ध्रुव ने अपने दोस्त यश के साथ मिलकर चोरी की वारदात की। लॉकर से सोने की चेन, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी टॉपस, सोने की नथ, मांग टीका, दो सोने की चूड़ियां और 90 हजार रुपये गायब हैं। मामले की जांच कर रहे एएसआई शेर सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।