हिसार। तलवंडी बादशाहपुर गांव में वीरवार को खेत में काम कर रहे दंपती पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में पति-पत्नी घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों की शिकायत पर आजाद नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तलवंडी बादशाहपुर निवासी संतोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति रमेश कुमार खेत में फसलों में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान उनके जेठ सुग्रीव, जेठानी बाला और कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उस पर भी तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने दंपती से काफी देर तक झगड़ा किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। बाद में परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आजाद नगर थाना प्रभारी दलबीर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।