नारनौंद। गांव भैणी अमीरपुर बस अड्डा के पास रविवार को जींद–हांसी रोड पर हुए सड़क हादसे में माजरा गांव के एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घायलों में मोहन लाल, पत्नी मंजू और चार वर्षीय बेटा कार्तिक शामिल हैं। एमएलआर और घायल मोहन के बयान पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल मोहनलाल ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। वे बाइक से रविवार को जींद जिले के सफीदों कस्बे में स्थित पीर बाबा की मजार पर गए थे। इस दौरान वह भैणी अमीरपुर के पास पहुंचे कि तभी अचानक खेतों की तरफ से एक युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाता आया। उसने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस कारण बाइक सवार तीनों परिजन सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तीनों घायलों को स्थानीय नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हिसार भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मोहन लाल को हिसार के नागरिक अस्पताल से अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, जबकि उनकी पत्नी मंजू और बेटा कार्तिक हिसार के अस्पताल में उपचाराधीन हैं।