जिले में ठंड का कहर जारी है। अत्यधिक ठंड का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हिसार शिमला, मनाली और कुल्लू से भी ज्यादा ठंडा रहा। रविवार को शिमला का अधिकतम तापमान 14.4, मनाली का अधिकतम तापमान 11.6 और कुल्लू का अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिसार का अधिकतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन व रात के तापमान में कोई बदलाव नहीं आया। लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मौसम आमतौर पर 30 दिसंबर तक परिवर्तनशील, लेकिन खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने और तड़के व देर रात के समय धुंध छाये रहने की संभावना है। 31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे 31 दिसंबर देर रात से तीन जनवरी के दौरान आंशिक बादल व बीच-बीच में गरज, चमक व हवाओं के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना रहेगी।
दोपहर तक छाए रहे बादल
रविवार सुबह से ही हल्की धुंध व बादल छाए रहे, जिससे ज्यादा ठंड का अहसास हुआ। हालांकि दोपहर 12 बजे मौसम में बदलाव आया और इसके साथ ही सूर्य देवता ने दर्शन दिए। धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिली। धूप निकलने के साथ ही लोग धूप का आनंद उठाने के लिए पार्कों में पहुंचे। हालांकि इस दौरान धूप की तपिश ज्यादा नहीं रही। मगर दिन ढलने के साथ ठंड फिर से बढ़ गई और सड़कें सुनसान हो गईं।
अत्यधिक ठंड से बड़वाली ढाणी निवासी रिंकू की गई जान
रविवार को तो ठंड के कारण 30 वर्षीय युवक रिंकू निवासी बड़वाली ढाणी को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह युवक शनिवार रात को यह बिना कंबल-रजाई के खुले आसमान में रेहड़ी पर सो गया था और सुबह मृत पाया गया। पोस्टमार्टम कार्रवाई के दौरान अस्पताल में पहुंचे परिजनों का कहना था कि रिंकू की अत्यधिक ठंड से मौत हुई है।
पिछले दिनों के तापमान की स्थिति
तिथि-अधिकतम-न्यूनतम
21 दिसंबर-14.5-8.0
22 दिसंबर-12.1-6.9
23 दिसंबर-15.6-6.8
24 दिसंबर-12.2-5.7
25 दिसंबर-12.1-4.1
26 दिसंबर-12.2-3.3
27 दिसंबर-12.7-0.3
28 दिसंबर-10.5-0.2