हिसार। नगर निगम की टीम गंदगी फैलाने पर चालान करते हुए।
हिसार। नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को सख्त कार्रवाई करते हुए खुले में मीट बेचने और कचरा फैलाने पर 25 लोगों के चालान काटकर जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई निगमायुक्त नीरज के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की गई।
एएसआई विजेता, दरोगा पवन पाहवा और दरोगा शशिकांत ने राजगुरु मार्केट में खुले में कचरा डालने पर सात दुकानदारों के चालान किए। वहीं वाल्मीकि चौक के पास खुले में मीट बेचने पर छह चालान काटे गए। एएसआई कपिल ने सेक्टर-16 व 17 में चार दुकानदारों के चालान किए। एएसआई प्रवीण व एएसआई सरोज ने कैमरी रोड पर एक संस्थान कर्मी द्वारा खुले में कचरा डालने पर चालान किया। इसके अलावा कैंप चौक पर दो दुकानदारों, पुरानी सब्जी मंडी में दो व्यक्तियों तथा सेक्टर-9, 11 व कैंट क्षेत्र में तीन चालान किए गए। अभियान के दौरान टीम ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और सिंगल यूज प्लास्टिक के बजाय कपड़े के थैलों के उपयोग का संदेश दिया।
बेसहारा पशु अभियान
निगमायुक्त नीरज व अतिरिक्त आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा के निर्देशानुसार बेसहारा पशु पकड़ने का अभियान भी जारी है। एएसआई संदीप बिश्नोई ने बताया कि शनिवार को सेक्टर-15, कैमरी रोड, अमरदीप कॉलोनी और मिल गेट क्षेत्र से 19 बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौ-अभ्यारण भेजा गया। अभियान में पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही।