स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. जेएस ग्रेवाल वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों को तीसरे चरण के टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। टीकाकरण को लेकर अभियान चलाने, मुनादी करवाकर या बैनर लगवाकर आमजन को जागरूक करने के सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की आशा-वर्कर एवं एएनएम के जरिये सूची तैयार करवाने और उन्हें टीका लगवाने के लिए जागरूक करें। इस बारे में उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की, जिसमें सभी सीएचसी-पीएचसी प्रभारी भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तीसरे चरण के तहत टीकाकरण की कार्ययोजना को जानने के लिए पंचकूला हेडक्वार्टर से महानिदेशक डॉ. जेएस ग्रेवाल वीरवार शाम करीब 3 बजे जिला अस्पताल में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सोसायटी कार्यालय में विभागीय अधिकारियों से बैठक की। इस दौरान सीएमओ डॉ. रत्ना भारती, डिप्टी सीएमओ डॉ. तरुण व जितेंद्र शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर का दौरा किया और कोविड-19 संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देर शाम तक दौरे के बाद वह वापस रवाना हुए।
महानिदेशक ने बैठक के दौरान अस्पताल प्रशासन को अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि वे 60 वर्ष से अधिक की उम्र के अपने परिजनों का टीकाकरण करवाएं। वहीं बाकी मरीजों के अभिभावकों में भी टीका लगवाने के लिए जागरूकता पैदा करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा जानकारी आमजन तक पहुंचे।
अब शहर की ऋषि नगर, महावीर कॉलोनी एवं आजाद नगर अर्बन हेल्थ सेंटर पर भी लाभार्थियों का टीकाकरण के लिए पंजीकरण किए जा सकेंगे। इससे पहले वहां टीकाकरण संबंधी कोई व्यवस्था नहीं थी। मगर अब महानिदेशक ने बैठक के दौरान इन सेंटर पर रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश दिए हैं।
वीरवार शाम को डीजी डॉ. ग्रेवाल दौरे के लिए अस्पताल आए थे। टीकाकरण की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली और टीकाकरण में तेजी लाने के लिए कहा है। हमारी ओर से अभियान चलाकर आमजन को जागरूक किया जाएगा। -डॉ. जितेंद्र शर्मा, उप सिविल सर्जन, हिसार।