सिवानी मंडी। उपमंडल के गांव सिवाच में महाराष्ट्र के पूणे शहर से आए एक युवक के कोरोना आशंकित की सूचना अफवाह निकली। सूचना के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की पैरामेडिकल स्टाफ की एक टीम तुरंत जांच के लिए गांव में युवक के घर पहुंची और उसकी जांच के बाद इसकी पुष्टि की। टीम ने इस दौरान युवक के उस साथी से भी फोन पर बात की, जिसे कोरोना का मरीज बताया जा रहा था। चिकित्सकों के मुताबिक महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या अधिक बढ़ जाने के बाद वह युवक भी अपने बिहार स्थित पटना घर चला गया था। वह भी फिलहाल पूरी तरह से स्वस्थ है। उधर, डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र ने अफवाहों से बचने की सलाह देते हुए लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को प्रशासन को सूचना मिली कि गांव सिवाच में महाराष्ट्र से आए एक युवक को कोरोना है। इसके पीछे वजह यह बताई गई कि वह युवक जिसके साथ महाराष्ट्र में रहता था, वह इस बीमारी से पीड़ित था। सोशल मीडिया पर भी यह अफवाह धीरे-धीरे फैलने लगी। सूचना के बाद स्थानीय अस्पताल से पैरामेडिकल स्टाफ की एक टीम पूरे प्रबंधों के साथ युवक के घर पहुंची और जांच पड़ताल की। टीम को अपने घर पर देख हैरान युवक बोला कि उसे किसी भी प्रकार की कोई भी तकलीफ ही नहीं है। वह महाराष्ट्र से आने के बाद पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे लेकर सोशल मीडिया पर कोरी अफवाह फैलाई जा रही है। इस बारे में डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र ने बताया कि टीम को संबंधित युवक में किसी भी प्रकार की बीमारी के कोई लक्षण आज के दिन नहीं मिले। वह पूरी तरह से स्वस्थ है। इसके बावजूद टीम की तरफ से उसे घर में ही एकांतवास में रहने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस समय अफवाह से बचना चाहिए और प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से घर में रहकर नियमित रूप से हाथों की साफ-सफाई रखने की अपील भी की है।