हिसार। जीआरपी के कोरोना पॉजिटिव डीएसपी और स्वास्थ्य विभाग के बहुउद्देशीय कर्मचारियों के बीच चल रहे झगड़े के बीच सोमवार को हुई बैठक के दौरान डीएसपी द्वारा माफीनामा भेजने और परिजनों की मांग पर सुलह हो गई है। इसे लेकर जिले के सभी बहुउद्देशीय कर्मचारियों ने एकत्रित होकर सोमवार को मलेरिया विभाग में एक बैठक की।
उस समय संक्रमित डीएसपी का भाई नगर परिषद चेयरमैन रणसिंह यादव और ससुरालजन सहित अन्य परिजन शामिल थे। इस दौरान उन्होंने अपने और डीएसपी पक्ष की तरफ से कुछ बातें रखते हुए माफी मांगी और संक्रमित डीएसपी द्वारा खुद अपने हाथों से लिखा हुआ माफीनामा पत्र भी सामने रखा। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि डीएसपी द्वारा विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है, जो गलत था। इसके बाद विभाग के बहुउद्देशीय कर्मचारियों ने काफी देर तक विचार विमर्श कर माफ कर दिया और प्रशासन को सौंपी गई अपनी शिकायत भी वापस ले ली। बैठक के दौरान एसोसिएशन के जिला प्रधान अनिल गोयत, राज्य मुख्य सलाहकार जितेन्द्र मलिक, मन्दीप राठी, बजरंग, राजकुमार सहित अन्य बहुउद्देशीय कर्मचारी मौजूद रहे।