हिसार। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील जिंदल की अदालत ने आदमपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को मनोरोगी युवती से दुष्कर्म के मामले में दोषी करार दिया है। अदालत दोषी को 25 मई को सजा सुनाएगी। मामला 8 सितंबर 2021 को आदमपुर थाना में पीड़िता की बहन की शिकायत पर दर्ज हुआ था।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता की बहन भिवानी जिले के एक गांव की निवासी है और वर्ष 2021 में अपनी मां व मनोरोगी बहन के पास आदमपुर स्थित मायके आई हुई थी। घटना के दिन वह अपनी मां के साथ खेत में काम करने गई थी, जबकि उसकी बहन घर पर अकेली थी। वापस लौटने पर उसकी बहन रो रही थी और इशारों में बताया कि पड़ोस का एक युवक घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद वीरवार को अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया।