हिसार। शहर के एक सत्संग भवन में गुरु ग्रंथ साहिब प्रकरण में उपजे विवाद पर विराम लग गया है। सत्संग भवन के पदाधिकारियों ने गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा के पदाधिकारियों के समक्ष खेद जताया है। साथ ही गुरु ग्रंथ साहिब के बराबर अन्य किसी धार्मिक ग्रंथ का प्रकाश नहीं करने का लिखित में आश्वासन भी दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शहर के एक सत्संग भवन में सहजधारी लोग गुरुग्रंथ साहिब का पाठ करते थे। साथ ही वहीं पर मूर्ति पूजा व दूसरे धार्मिक ग्रंथ का प्रकाश भी किया जाता था। इस संबंध में हरियाणा गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा और पंजाब गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा के पास शिकायतें पहुंच रही थी। इसे लेकर रविवार को पंजाब और हरियाणा से सत्कार सभा के सदस्य शहर पहुंचे। इसके बाद वे हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य सुखसागर सिंह और अन्य सिखों को साथ लेकर सत्संग भवन में पहुंचे। सत्कार सभा ने सत्संग भवन कमेटी के समक्ष गुरु ग्रंथ साहिब के बराबर किसी अन्य धार्मिक ग्रंथ पढ़ने पर आपत्ति जताई। इस दौरान एचएसजीपीसी सदस्य सुखसागर सिंह ने बातचीत से मामले का समाधान करने को कहा। इसके बाद दोनों पक्षों में बैठक हुई। इसमें सत्संग भवन कमेटी ने लिखित में आश्वासन दिया कि आगे से गुरु ग्रंथ साहिब के बराबर किसी भी धार्मिक ग्रंथ का प्रकाश नहीं किया जाएगा।