पार्क समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते मेयर प्रवीण पोपली।
हिसार। नगर निगम के मुख्य सभागार में शहर की सभी पार्क समितियों के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मेयर प्रवीण पोपली ने की। बैठक का उद्देश्य शहर में सफाई व्यवस्था व शहर को सुंदर बनाने के लिए समितियों से सहयोग व सुझाव लेना था। बैठक में समितियों के पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे व सहयोग देने की भी बात कही।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण पोपली ने कहा, शहर को स्वच्छ बनाना हमारा कर्तव्य है। इसके लिए हम सभी को साथ मिलकर कार्य करना होगा। ये किसी एक की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि यह हम सब की जिम्मेदारी हैं। शहर को स्वच्छ बनाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नगर निगम बहुत से स्थानों से कचरा प्वाइंटों को खत्म कर चुका है। हमारी आप सभी से अपील है कि आप भी इन प्वाइंटों पर यदि कोई कचरा डालता हैं तो उससे कचरा न डालने की अपील करें। पार्क समितियों को पार्कों के साथ-साथ अपने आस-पास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम का सहयोग करना चाहिए। मेयर ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी हिसार पहुंचेंगे तो शहर स्वच्छ व सुंदर होगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, उप-निगम आयुक्त वीरेंद्र सहारण, एक्सईएन संदीप सिहाग, संदीप धुंधवाल व अमित कौशिक, जेई सुमित नुनाच, पार्क सुपरवाइजर नरेंद्र श्योराण आदि मौजूद रहे।