बरवाला में नारेबाजी करते ठेकेदार।
बरवाला। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता (सीई) टीआर पंवार बुधवार को विभागीय कार्यों के निरीक्षण के लिए बरवाला पहुंचे। इस दौरान जिलेभर से जुटे विभागीय ठेकेदारों ने उनका घेराव कर सरकार, विभागीय अधिकारियों और मंत्री रणबीर गंगवा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि विभागीय ठेकों में भेदभाव हो रहा है और मंत्री के करीबी ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य ठेकेदारों को न तो काम मिल रहा है और न ही पूर्व में किए गए कार्यों का भुगतान किया जा रहा।
दूसरे रास्ते से निकले सीई, भड़के ठेकेदार
सीई पंवार और अधीक्षण अभियंता जब जनस्वास्थ्य विभाग के अनाज मंडी मार्ग स्थित कार्यालय पहुंचे तो पहले से मौजूद ठेकेदारों ने उन्हें रोककर समस्याएं रखने की कोशिश की। सीई ने कुछ देर बाद मिलने का आश्वासन दिया, लेकिन वे जलघर के पिछले रास्ते से गाड़ी में सवार होकर रवाना हो गए। इससे आक्रोशित ठेकेदारों ने उनका विरोध किया और जमकर नारेबाजी की। बाद में सीई ने ठेकेदारों को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में बुलाकर मुलाकात की, जहां उन्होंने समस्याएं सुनीं। ठेकेदारों ने दो साल से भुगतान अटका होने और काम में चहेते ठेकेदारों को प्राथमिकता दिए जाने की शिकायत की।
ठेकेदारों ने बताया कि वे पहले भी मंत्री रणबीर गंगवा से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी मंत्री के दबाव में काम कर रहे हैं। वहीं, सीई टीआर पंवार ने कहा कि मंत्री से जुड़े मामलों की उन्हें जानकारी नहीं है, बाकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।