हांसी फोटो सहित
एसई ने दिया आश्वासन-अगले सप्ताह टेंडर आवंटित कर शुरू करवाया जाएगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
हांसी। गांव चानौत में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए दो नए वाटर टैंकों और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इस संबंध में पूर्व सरपंच सत्यवान और कुलबीर दुहन ने हिसार में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसई तरुण गर्ग से मुलाकात कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि गांव में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले दोनों टैंक तैयार हो जाएं तो ग्रामीणों को काफी राहत मिल सकती है।
उन्होंने एसई से आग्रह किया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए। वाटर वर्क्स के लिए बजट आवंटित हो चुका है इसलिए अब काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण अपनी मांग लेकर चंडीगढ़ में विभाग के उच्च अधिकारियों से भी मिलेंगे।
एसई ने बताया कि दोनों वाटर टैंकों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मंजूरी के लिए प्रस्ताव मुख्यालय चंडीगढ़ भेजा गया है। अगले सप्ताह स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसी टेंडर में गांव में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को उचित तरीके से स्थापित कर चालू करने का काम भी शामिल है।
पैमाइश पूरी होते ही बिछाई जाएगी पाइपलाइन :
राजली से चानौत तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ी होनी है। इसके लिए विभाग ने हांसी के तहसीलदार को पैमाइश करवाने के लिए पत्र लिखा है। पैमाइश पूरी होते ही पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इन कार्यों के पूरा होने से गांव की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।