सिवानी मंडी। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ईशरवाल की टीम ने सिवानी में एक मकान पर छापा मारकर अवैध रूप से रखी 148 बोतल शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
26 फरवरी को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ईशरवाल के सहायक उपनिरीक्षक रणबीर सिंह अपनी टीम के साथ लोहारू रोड, सिवानी में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि वार्ड नंबर-10 में एक व्यक्ति ने अपने मकान में बिना लाइसेंस के शराब रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापा मारा और 148 बोतल देसी, अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की। पुलिस ने मौके से आरोपी रणबीर सिंह निवासी वार्ड नंबर-10, सिवानी को गिरफ्तार किया।
चुनाव आचार संहिता के तहत भी होगी जांच
गौरतलब है कि जिले में चुनाव आचार संहिता लागू है, ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस अवैध शराब का इस्तेमाल चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए तो नहीं किया जा रहा था। प्रशासन ने साफ किया है कि आचार संहिता के दौरान अवैध शराब व अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जिले में अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।