हांसी। कांग्रेस के वोट चोरी आरोपों में दम नहीं है और जनता जानती है कि धरातल पर कौन काम कर रहा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव ने रविवार को जींद चौक स्थित सुभाष ड्रामाटिक क्लब में आयोजित अभिनंदन समारोह एवं जनसंवाद कार्यक्रम में कही।
यादव कांग्रेस के जनादेश छीनने के लगाए जा रहे आरोपों को झूठा प्रपंच करार देते हुए कहा कि पार्टी अलग-अलग माध्यमों से अपने नेता को स्थापित करने का प्रयास कर रही है। जनता चुनावी प्रक्रिया की वास्तविकता से परिचित है।
उन्होंने कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 99 सीटें मिलीं तो क्या उस समय वोट चोरी हुई थी? आगामी विधानसभा चुनावों पर उन्होंने कहा कि भाजपा सभी राज्यों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन राज्यों में पार्टी की मजबूत स्थिति का दावा किया और बेहतर प्रदर्शन कर सरकार बनाने का विश्वास जताया।
यादव ने राव तुलाराम चौक पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद वह जींद चौक स्थित सुभाष ड्रामाटिक क्लब में आयोजित अभिनंदन समारोह एवं जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों तक पहुंच सकता है।
कार्यक्रम का आयोजन मंजीत यादव और उनकी टीम ने सर्वसमाज के सहयोग से किया। उन्होंने गांव माढ़ा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
कार्यक्रम में मनजीत सिंह जमावड़ी, सोमेश , एडवोकेट राजेश रामपुरा, जिला पार्षद यादवेन्द्र, वसुमेर यादव ढाणी पीरान, रतन यादव जमावड़ी, संदीप नायक आदि मौजूद रहे।