नई अनाज मंडी में आयोजित कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन कम, बल्कि शक्ति प्रदर्शन अधिक नजर आ रहा था। हिसार लोकसभा क्षेत्र के सभी नौ हलकों के टिकट की दौड़ में शामिल नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए सम्मेलन में पहुंच रहे थे। इतना ही नहीं ये कार्यकर्ता अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मंच तक पहुंच रहे थे। सम्मेलन में अव्यवस्थाएं नजर आईं। मंच पर ही 250 से अधिक नेता व कार्यकर्ता चढ़े हुए थे।
सम्मेलन में कांग्रेस की गुटबाजी खत्म होने के दावे भी हवाहवाई नजर आए। मंच से जहां सैलजा ने हुड्डा पर कटाक्ष किया, वहीं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर गुट और कुलदीप बिश्नोई ने सम्मेलन से दूरियां बनाए रखीं। हालांकि कुलदीप बिश्नोई गुट के कुछ नेता सम्मेलन में जरूर पहुंचे थे, लेकिन कुलदीप बिश्नोई स्वयं, उनकी पत्नी हांसी से विधायक रेणुका बिश्नोई और पुत्र भव्य बिश्नोई में से कोई भी सम्मेलन में नहीं पहुंचा, जबकि वे आदमपुर में मौजूद थे।
माइक से बार-बार मंच खाली करने की बात कही जाती, लेकिन उस पर कोई गौर नहीं कर रहा था और सैलजा-हुड्डा के आने तक मंच की स्थिति यह थी कि उस पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी। कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र हिसार पहुंचीं कुमारी सैलजा और सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा 2 घंटे 10 मिनट की देरी से सम्मेलन के मंच पर पहुंचे। भीड़ के चलते उन्हें मुश्किल से मंच के बीच लगे सोफे तक ले जाया गया। मंच पर अधिकांश समय तक हुड्डा शांत बैठे नजर आए और चेहरे पर कोई मुस्कुराहट नहीं थी। हालांकि भाषण में उन्होंने भाजपा पर जमकर हमले बोले।
किसानों से टैक्स वसूल रही सरकार, सुविधा कुछ नहीं : हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने संबोधन में किसानों की बात करते हुए कहा कि भाजपा किसानों से टैक्स तो वसूल रही है, लेकिन उन्हें फसलों का भाव नहीं दे रही है। इसी प्रकार व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर आदि सभी सड़कों पर उतर कर अपना हक मांग रहे हैं।
सावित्री जिंदल ने नहीं की भाजपा पर कोई टिप्पणी
मंच से संबोधित करने वाले नेताओं में पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने अपने भाषण में कांग्रेस की तारीफ तो की, लेकिन एक बार भी भाजपा के बारे में नहीं बोलीं। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करने तो दूर, कोई भी टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कुमारी सैलजा को प्रदेशाध्यक्ष और भूपेंद्र हुड्डा को सीएलपी लीडर बनाकर सही फैसला लिया है और चुनाव में उनके फैसले को सही साबित करके दिखाएंगे।
ये रहे सम्मेलन में मौजूद
सम्मेलन को पूर्व राज्यसभा सांसद रामजीलाल, पूर्व मंत्री संपत्त सिंह, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, पूर्व विधायक प्रो. रामभगत, पूर्व विधायक सूबे सिंह पूनिया, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व चेयरमैन माटी कला बोर्ड भूपेंद्र गंगवा, टैक्स ट्रिब्यूलन के पूर्व चेयरमैन हरपाल बूरा, पूर्व चेयरमैन कॉन्फेड बजरंग दास गर्ग, पूर्व विधायक सुभाष गोयल, पूर्व विधायक रामकिशन फौजी, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन बिहारी लाल राड़ा आदि ने भी संबोधित किया।
बाइक से पटाखे बजाते रहे कार्यकर्ता
सम्मेलन के दौरान पूरे पंडाल का चक्कर काटते हुए कुछ युवा कार्यकर्ता अपनी बाइकों पर पटाखे बजाते रहे। इससे सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ता अचानक होते इन धमाकों से उस ओर देखते, जिससे सम्मेलन को संबोधित कर रहे नेताओं के भाषण में भी अवरोध पैदा होता। सैलजा और हुड्डा के पहुंचने से पहले इन युवा कार्यकर्ताओं ने करीब 8-10 बार बाइक से पटाखे बजाए।