लघु सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता।
हिसार। प्रदेश में बुजुर्गों समेत करीब अन्य लाभार्थियों की पेंशन काटे जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार योजनाओं से नाम काटकर जरूरतमंदों को परेशान कर रही है और नीतियां केवल दिखावा बनकर रह गई हैं। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माटी कला बोर्ड के पूर्व चेयरमैन भूपेंद्र के नेतृत्व में धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में सरकारी योजनाओं का ढांचा मजाक बन गया है और ऑनलाइन व्यवस्था से लाभ मिलने की बजाय लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
कांग्रेस नेता भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बुढ़ापा और विधवा पेंशन बिना कारण काटी जा रही है, जिससे जरूरतमंदों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी के नाम पर लोगों को दौड़ाया जा रहा है और उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इन नीतियों का विरोध करते हुए फैमिली आईडी और ऑनलाइन सिस्टम बंद करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा।