फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: समाधान शिविर में आईं सफाई, अतिक्रमण और पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायतें

Tue, 05 May 2026 01:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
हांसी समाधान शिविर में समस्याएं सुनते एडीसी लक्षित सरीन।
विज्ञापन
हांसी। जिला सचिवालय परिसर में सोमवार को समाधान शिविर में जगदीश कॉलोनी में नाली की सफाई व गली में अतिक्रमण, डाकघर के समीप पाइपलाइन में रिसाव व मामनपुरा में दूषित पेयजल सप्लाई की शिकायत रखी गई। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश जारी किए।
विज्ञापन

समाधान शिविर में उमरा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने खेतों में बिजली के टेढ़े खंभों व जर्जर बिजली तारों को बदलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर एडीसी लक्षित सरीन ने बिजली विभाग के अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जगदीश कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने गंदे पानी की निकासी के लिए नालों की सफाई करवाने व गली में किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग रखी। अतिरिक्त उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं, शहर में डाकघर के पास जल आपूर्ति पाइपलाइन में रिसाव की शिकायत पर जन स्वास्थ्य विभाग को तुरंत इसे दुरुस्त करने के आदेश दिए गए। मसूदपुर गांव निवासी राजेश कुमार ने बंद गली को खुलवाने की शिकायत पर संबंधित विभाग को मौके का मुआयना कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

इसी प्रकार, गांव खानपुर निवासी रामशरण ने अपने खेत से बूस्टिंग स्टेशन की मिट्टी हटाने की मांग रखी। इस पर एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बिजाई शुरू होने से पहले मिट्टी उठान का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। मामनपुरा गांव के निवासियों ने दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया। एडीसी लक्षित ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर निरीक्षण करने व समस्या के स्थायी समाधान तक अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीसी सरीन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। शिविर में तहसीलदार अनिल कुमार बिढान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें