हिसार। समाधान शिविर में शिकायत सुनते हुए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह।
हिसार। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में सोमवार को नगराधीश हरिराम ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निवारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में गांव बालसमंद निवासी संदीप ने घरेलू बिजली खपत से ज्यादा बिल आने और बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की। नगराधीश हरिराम ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसई को मामले की जांच कर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गांव मंगाली आकलान निवासी खेमचंद ने फैमिली आईडी में गलत दर्शाई गई प्रॉपर्टी को हटाकर कुल इनकम ठीक करने की मांग की। नगराधीश ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थी के सामने समस्या का निवारण करने का निर्देश दिया। रवि कुमार ने हांसी सेक्टर-6 में पूरी किस्त का भुगतान करने के बावजूद उपयुक्त प्लाट न मिलने की शिकायत की। नगराधीश ने एचएसवीपी विभाग के अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए।
गांव बालसमंद के एक व्यक्ति ने किसी द्वारा मिट्टी डालकर सीवरेज लाइन बंद करने की शिकायत की। नगराधीश ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव भोजराज निवासी संदीप ने फसल की गिरदावरी दुरुस्त करने की मांग की। नगराधीश ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। समाधान शिविर में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।