पारिजात चौक से नागोरी गेट में सीधे एंट्री करने की मांग को लेकर व्यापारी वीरवार को डीसी से मिले। उन्होंने उपायुक्त चंद्रशेखर खरे से मिलकर सीधा रास्ता करने की बात कही।
डीसी ने उनकी मांग को तुरंत लागू करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे एक कमेटी गठित करेंगे जो फिजिबिलटी रिपोर्ट पेश करेगी। इस रिपोर्ट के बाद तय होगा कि आपके द्वारा सुझाई जा रही ट्रैफिक प्लानिंग ठीक है या गलत।
ट्रैफिक एसएचओ से भी करेंगे बात
डीसी से मिलने गए व्यापारियों ने जब उनके सामने ट्रैफिक प्लान के बदलाव की बात कही तो उन्होंने कहा कि वे इस बारे में ट्रैफिक एसएचओ से भी फीडबैक लेंगे। जाना जाएगा कि ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने के लिए कौन की प्लानिंग सिरे चढ़ाई जानी उचित रहेगी।
रात को घुस जाते हैं भारी वाहन, हो सकता है हादसा
व्यापारियों ने कहा कि रात को पारिजात चौक की तरफ से भारी वाहन इस मार्ग में घुस जाते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने का भय है। क्योंकि बड़े वाहन सांप सीढ़ी रास्ते से निकल नहीं सकते।
बड़े वाहन की चपेट में आने से दुकानदारों के साइन बोर्ड आदि टूट चुके हैं। अगर सीधा रास्ता होगा तो नो एंट्री में घुसा वाहन कम से कम चौक से घूमकर वापस तो आ जाएगा।
पार्किंग स्थान का कुछ हिस्सा रोड में मिलाकर किया जा सकता है चौड़ा
व्यापारियों ने डीसी को सुझाव भी दिया कि पीएनबी के सामने बनी निगम की पार्किंग का कुछ हिस्सा तोड़कर रोड में मिलाया जा सकता है।
क्योंकि तलाकी गेट से लेकर पारिजात चौक पर बड़े वाहनों का लोड भी इससे कुछ कम होगा। उन्होंने कहा कि एसडीएम के नेतृत्व में टीम बनाई जाएगी और सर्वे करवाया जाएगा।
लगवाए जाएं साइन बोर्ड
अग्रसेन चौक पर व्यापारियों ने साइन बोर्ड लगवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर अग्रसेन पर ऐसा साइन बोर्ड लगा हो कि भारी वाहन ग्रोवर मार्केट से निकले और हलके वाहन या नागोरी गेट जाने वाले सीधे जाएं तो उससे भी बड़ी राहत मिलेगी। बार-बार भारी वाहन इस रास्ते पर आ घुसते हैं।
डीसी साहब ने एसडीएम साहब के नेतृत्व में कमेेटी गठित करने का आश्वासन दिया है। कमेटी मौके पर सर्वे कर फिजिबिलटी रिपोर्ट डीसी को देगी। इसके बाद ट्रैफिक प्लान फाइनल होगा।
- घनश्याम गोयल, मार्केट प्रधान, रेलवे रोड