प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। खासकर रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वीरवार को कैथल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री पहुंच गया। इसके साथ ही कैथल की रात प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही। यह इस सीजन का अब तक सबसे कम तापमान भी है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिणी जिलों में हल्के बादल छाने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है, जिसका असर मैदानी राज्यों खासकर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर पड़ रहा है। पहाड़ों से बर्फीली हवाएं मैदानों की तरफ रुख कर रही हैं। इसके असर से तापमान में गिरावट आ रही है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है लेकिन रात के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। खास बात यह है कि प्रदेश के सभी जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं दिन के तापमान में कहीं मामूली बढ़ोतरी तो कहीं गिरावट आई।