हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 9 जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। सीएम के साथ कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा मौजूद रहेंगे।
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने दौरे के दौरान प्री बजट पर एचएयू के कृषि वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों के साथ चर्चा करेंगे। फरवरी माह में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रदेश सरकार के बजट को लेकर सुझाव लेंगे। प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन एफपीओ से जुड़े किसानों से भी बातचीत करेंगे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल के अलावा एचएयू में बनाए गए एग्रो टूरिज्म सेंटर का भी अवलोकन किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित व्यवस्थाओं को भी जल्द पूरा कर करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को हर स्थिति के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मोहन, जिला परिषद सीईओ हरबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।