विश्व को सबसे पहली बार कला महाराज दक्ष से मिली। आज में राखीगढ़ी में जब खोदाई की गई तो उस वक़्त हमारी कलाकारी के अवशेष आज तक मिलते हैं। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गांव आर्य नगर की गुरु दक्ष आईटीआई में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने क्रीमीलेयर की सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया, जिसे प्रदेश में भी हमने लागू किया। बैकलॉग हमारा हक है, जिसे सरकार पूरी निष्ठा के साथ भरने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ओबीसी आयोग बनाकर उसको संवैधानिक शक्तियां प्रदान की।
विपक्ष बताएं कि उन्होंने ओबीसी वर्ग के लिए क्या काम किए। पंचायत में 8 फ़ीसदी अधिक का आरक्षण देकर हमने पिछड़ा वर्ग की भागीदारी बढ़ाने का कार्य किया। नॉन रिफंडेबल फ़ीस की पूर्ति और 1,80,000 रुपये से कम परिवार वाले परिवारों की बच्चियों के कॉलेज फ़ीस तक माफ़ की गई। नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में बिना पर्ची बिना ख़र्ची के पक्षपात और भेदभाव रहित नौकरी देने का भी काम भी भाजपा ने ही किया। इसके अलावा हैप्पी योजना के तहत ग़रीब परिवारों के प्रति सदस्य को प्रति वर्ष 1 हज़ार किलोमीटर मुफ़्त बस योजना का लाभ दिया।
मुख्यमंत्री ने की ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने गंगवा रोड पर अर्बन हेल्थ सेंटर पीडब्ल्यूडी द्वारा राजगढ़ बाईपास और छह किलोमीटर के मार्केटिंग बोर्ड ने सड़क को मंजूरी दी। इसके अलावा गुरु दक्ष आईटीआई के पास पानी के लिए स्पेशल पाइपलाइन, कुम्हार धर्मशाला को 21 लाख रुपया, गुरु दक्ष आईटीआई को 21 लाख रुपये और आर्य नगर में ई लाइब्रेरी की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि फ़तेहाबाद में कुम्हार धर्मशाला के लिए ज़मीन कलेक्ट्रेट के हिसाब से मुहैया कराई जाएगी। गुरु दक्ष आईटीआई में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। कैमरी और आर्य नगर को जल्द ही नॉर्म पूरा होते ही महाग्राम में शामिल किया जाएगा।