सफीदो विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि मेरे खिलाफ कई दिनों से प्रचार किया जा रहा है मगर मैंने कभी जाट समाज का बुरा नहीं चाहा। उनको देशभक्त कहा है। मैं हरियाणा जातिवाद का जहर फैलाने वालों के खिलाफ हूं, समाज को बांटने वालों के खिलाफ हूं। रामकुमार गौतम ने कहा कि जिसको रोना है रोता रहे ये सरकार बेधड़क चलेगी। नायब सैनी सबका काम करता है, इसका इलाज किसी के पास नहीं है।
रामकुमार गौतम ने कहा कि जब से मोदी सरकार 2014 से आई है तब से खुद को हिंदुस्तानी करने पर गर्व महसूस होता है। विधायक ने कैप्टन अभिमन्यु की नारनौंद में हार पर दुख जताया और कहा कि लोगों ने सोचा हुड्डा आएगा मगर ऐसा नहीं हुआ। मेरे और कैप्टन के साथ लगे भी लोग पलट गए।
हांसी को जिला बनाने की मांग पहली बार जून 2013 में हांसी जिला बनाओ संघर्ष समिति ने उठाई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2016 में अनाज मंडी में हुई रैली में हांसी को पुलिस जिला बनाया। तब से यहां पुलिस अधीक्षक बैठते हैं, लेकिन अब पूर्ण राजस्व जिला बनाने का अभी इंतजार है।
17 अगस्त 2024 को हांसी में मुख्यमंत्री की रैली थी। रैली से दो दिन पहले ही विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगी थी। तब रैली में आए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा था कि दोबारा मुख्यमंत्री बनते ही हांसी को जिला बनाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने हांसी में कोई रैली नहीं की है। हालांकि तीन महीने पहले खेतों में जलभराव का निरीक्षण करने के लिए आए थे।