हिसार। उकलाना की पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही थी। वीरवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने दमकल विभाग के अधिकारियों और पुलिस के साथ दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 159 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
दुकान संचालक टेकराम सिंगला इनके भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या एनओसी पेश नहीं कर सका। दमकल विभाग ने पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत पर संचालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना को सूचना मिली थी कि दुकान में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में पटाखे रखकर बेचे जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और स्थानीय पुलिस को बुलाकर कानूनी कार्रवाई शुरू करवाई।
उकलाना थाना से जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर सिंगला जनरल स्टोर के मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बरामद पटाखे दमकल विभाग ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।