सीएम फ्लाइंग स्कवॉयड की टीम चालान के बाद वाहनों के साथ।
हिसार। जिले में शनिवार को सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम ने ओवरलोड वाहनों और नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अलसुबह विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 4 वाहनों के चालान किए जिनमें से 2 वाहनों को जब्त कर लिया गया। वहीं 2 लाख 86 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें आरटीए कार्यालय के यातायात निरीक्षण हरविंदर सिंह, एसआई कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र और एचसी जिंतेंद्र भी मौजूद रहे।
टीम को सूचना मिली थी कि कई वाहन चालक बिना नियमों का पालन किए ओवरलोड वाहन चला रहे हैं। साथ ही टैक्स न भरना, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र न होना जैसी अनियमितताएं भी सामने आई थीं।
सुनैना ने बताया कि जांच के दौरान टीम ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, टैक्स रसीद और वाहन में लोड किए गए माल के वजन व चौड़ाई की गहनता से जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 वाहनों का तुरंत चालान किया गया। वाहन मालिकों ने मौके पर ऑनलाइन चालान राशि जमा करवा दी जबकि चालान राशि जमा न करने वाले 2 वाहनों को इंपाउंड कर लिया गया। अभियान में ओवरलोड वाहन चलाने और टैक्स न भरने पर निजी बसों के चालान भी किए गए।