संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने सोमवार देर शाम रानियां रोड स्थित सत्यम स्वीट्स पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान से 65 किलो खराब रसगुल्ले और करीब 40 किलो खराब चाशनी मिली।
टीम ने दोनों को मौके पर नष्ट करवा दिया। इसके अलावा रसगुल्ले, गुलाब जामुन और मावे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील बिश्नोई और सीएम फ्लाइंग अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने दुकान पर मिठाइयों के भंडारण और गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान खराब सामग्री मिलने पर उसे नष्ट करवाया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, ताकि उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच हो सके।
खराब मिठाइयां स्वास्थ्य के लिए जोखिम : एसएसओ डॉ. सुनील बिश्नोई ने बताया कि मिठाइयों में खराब सामग्री का इस्तेमाल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकता है। विशेषकर दूध और मावे से तैयार मिठाइयों को उचित तापमान पर रखना जरूरी है। उन्होंने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के महत्व पर भी जोर दिया। मिलावटखोरी रोकने के लिए विभाग ने सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है।
इससे पहले रोड़ी बाजार, एकता चौक, गांव बाजेकां और नटार रोड स्थित एक फैक्टरी में भी टीम कार्रवाई कर नमूने ले चुकी है। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित सरकारी लैब में भेजा गया है। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।