सीएम फ्लाइंग स्कवॉयड टीम हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना वाहनों की जांच करते हुए।
हिसार। सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने सोमवार को ओवरलोड वाहनों और नियमों का पालन न करने वाले चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने 9 वाहनों के चालान किए और कुल 2 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इनमें से 6 ओवरलोड वाहनों को चालान राशि मौके पर जमा न कराने पर जब्त (इंपाउंड) भी कर लिया गया।
अभियान हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें यातायात निरीक्षक हरमिंदर सिंह, एएसआई सुरेंद्र और एचसी विजय शामिल रहे। टीम को पहले से सूचना मिली थी कि हांसी और हिसार क्षेत्र में कई वाहन चालक बिना नियमों का पालन किए ओवरलोड वाहन चला रहे हैं, साथ ही टैक्स न भरने, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने जैसी अनियमितताएं भी सामने आ रही हैं। इसी आधार पर सोमवार सुबह से दोपहर तक कई प्रमुख सड़कों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान टीम ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण कार्ड, टैक्स भुगतान रसीद और वाहन में लोड किए गए माल की चौड़ाई व वजन की बारीकी से जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहन चालकों पर ओवरलोडिंग, एक पर एयर पॉल्यूशन मानक उल्लंघन व एक स्कूल/कॉलेज बस चालक पर वर्दी न पहनने और बस में अटेंडेंट न होने पर चालान किया गया। टीम ने बताया कि जिन वाहन चालकों ने मौके पर ऑनलाइन चालान राशि जमा कर दी, उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी गई, जबकि बाकी 6 वाहनों को जब्त किया गया।