हिसार। सीएम फ्लाइंग स्कवॉयड की टीम ने सोमवार को जिला नगर एवं योजनाकार (डीटीपी) विभाग के अधिकारियों के साथ हिसार और हांसी में तीन अवैध कॉलोनियों में जांच की। इस दौरान पता चला कि कॉलोनाइजरों ने सरकार से भू उपयोग बदलने की अनुमति (सीएलयू) नहीं ली है। अन्य नियम-कायदों की भी अनदेखी की जा रही है।
सीएम फ्लाइंग स्कवॉयड हिसार रेंज की प्रभारी सुनैना, डीटीपी कार्यालय से क्षेत्र अधिकारी सपना, दीपक शर्मा, एएसआई सुरेंद्र और एचसी विजय के साथ सबसे पहले हांसी पहुंची, जहां गोकुलधाम सेक्टर-13 नाम से कई एकड़ जमीन पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इस काॅलोनी में सैकड़ों रिहायशी और व्यावसायिक प्लॉट काटे जा चुके हैं। टीम ने हांसी में ही एक्जिस्टिंग कॉलोनी का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि यहां भी कॉलोनाइजरों ने सरकारी नियमों को दरकिनार कर अवैध निर्माण किया है। इसके बाद जांच टीम हिसार में कैमरी रोड स्थित राधिका धाम कॉलोनी पहुंची। इसमें सैकड़ों प्लॉट काटे जा चुके हैं। यहां भी कॉलोनाइजरों पर सीएलयू और अन्य जरूरी अनुमतियां न लेने का आरोप है। सीएम फ्लाइंग टीम ने जिला नगर एवं योजनाकार विभाग से संबंधित कॉलोनियों का रिकॉर्ड मांगा है।
-
हरियाणा सरकार ने अवैध कॉलोनी निर्माण पर सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं। बिना सीएलयू और निर्धारित नियमों का पालन किए कोई भी कॉलोनी विकसित करने पर कॉलोनाइजरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- सुनैना, प्रभारी, सीएम फ्लाइंग, हिसार रेंज।