बरवाला। शहर के हांसी-जींद मार्ग पर स्थित ताज काॅलोनी में सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक अस्पताल पर छापा मारा। छापे के दौरान टीम को अस्पताल चलाने का कोई लाइसेंस नहीं मिला। टीम को अस्पताल में कई प्रकार की दवाइयां भी मिली हैं। इतना ही नहीं अस्पताल में एक मरीज उपचार भी ले रहा था।
नागरिक अस्पताल के चिकित्सक गुरदीप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल संचालक नरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। आरोपी नरेश कुमार टीम को मौके पर नहीं मिला है। चिकित्सा अधिकारी डाॅ. गुरदीप सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग व स्वास्थ्य विभाग की टीम ताज काॅलोनी में जय दुर्गे अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल की जांच की। इस दौरान अस्पताल में भर्ती एक मरीज मिला।
कुछ देर बाद अस्पताल संचालक नरेश कुमार आया उससे भर्ती मरीज के आईवी फ्लूड के बारे में पूछताछ करने पर नरेश कुमार ने कहा कि वह खुद मरीज को आईवी फ्लूड देता है। नरेश कुमार से जब अस्पताल के लाइसेंस के बारे में पूछा तो वह कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका। कुछ देर बाद वह कागजात दिखाने का बहाना बनाकर मौके से निकल गया। टीम ने अस्पताल से दवाओं के स्टॉक व कई तरह के उपकरणों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।