हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : @mlkhattar
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर हरियाणा सरकार की ओर से अलग से मुख्यमंत्री आवास योजना शुरू करने का एलान किया। जिसमें भूमिहीनों को प्राथमिकता दी जाएगी। सीएम मनोहरलाल ने राहुल गांधी के बयान को आधार बनाकर उन पर जुबानी हमला किया।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल मंगलवार महाराजा शूरसेन सैनी की जयंती के अवसर पर हिसार में सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि हरियाणा में सर्वे किया जा रहा है, जिनके पास आवास नहीं हैं।
ऐसे पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने सैनी समाज के प्रतिनिधियों की मांग पर विचार करते हुए कहा कि प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले के नाम पर शिक्षण संस्थान का नाम रखा जाएगा।
सीएम ने कहा परिवार पहचान पत्र के डाटा के अनुसार सैनी समाज के परिवारों की संख्या 1.96 लाख है। जिसमें 8 लाख व्यक्ति हैं। इसमें 30 प्रतिशत जनसंख्या विद्यार्थियों की है। हर बच्चा कम से कम 12वीं तक की पढ़ाई बच्चा पूरी करे। समाज के 1200 परिवारों की आय 25 हजार से भी कम है। इन परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए आगे आएं।
आजादी किसी एक परिवार ने नहीं दिलाई
सीएम मनोहरलाल ने कहा कि ये जो यात्रा चल रही है, राहुल गांधी के नाम से यात्रा चलाई जा रही है, जिसमें अजमेर में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने आजादी दिलाई है। वो आजादी का श्रेय इंदिरा गांधी, राजीव गांधी से बाहर निकलकर देखते नहीं हैं। आजादी में असंख्य क्रांतिकारियों के बलिदान का योगदान है। इस तरह का खेदजनक बयान नहीं देना चाहिए। इतिहास से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।