हिसार। बादलों की मनमानी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालत यह है कि शहरी इलाके में सड़कों और गलियों से जलस्तर कम नहीं हो पा रहा है। रविवार को दिनभर तेज धूप खिली, लेकिन शाम 4.30 बजे अचानक मौसम बदल गया और गरज व हवा के साथ बारिश होने लगी। लगातार तीसरे दिन बारिश से शहर के तमाम पार्क जलमग्न हैं और लोगों की सुबह-शाम की सैर बंद हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस माह के पहले 7 दिनों में ही जिले में 97.4 एमएम बारिश हो चुकी है। सोमवार को कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। हालांकि 9 से 11 सितंबर तक बारिश से राहत मिल सकती है।
शहर में सुबह ही धूप खिल गई थी, जो दिन चढ़ने के साथ तल्ख होती गई। कई दिन बाद अच्छी धूप खिलने से नमी का असर कुछ कम हुआ, लेकिन शाम को फिर से बादल बरसने लगे। इससे शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। जिन सड़कों पर पानी निकासी हुई थी, वे फिर से जलमग्न हो गईं।
जिले में अब तक 664.7 एमएम बारिश
जिले में एक जून से अब तक 664.7 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा है। जून माह में जिले में 152.8 एमएम, जुलाई में 256.3, अगस्त में 158.2 व सितंबर में अब तक 97.4 एमएम बारिश हो चुकी है।
धीरणवास में 53 घंटे से बिजली सप्लाई बंद
बालसमंद। धीरणवास गांव में पिछले 53 घंटे से बिजली सप्लाई बंद है। धीरणवास निवासी सुरेंद्र आर्य ने बताया कि 5 सितंबर की शाम 5 बजे से पहले से ही बिजली आपूर्ति बंद है। लाइनमैन से लेकर अधीक्षण अभियंता तक को अवगत कराया है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। संवाद