हिसार। कैमरे लगी हाई पावर सुपर सकर मशीन से सीवर की मेनलाइन की सफाई का काम शुरू हो गया है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो इस कार्य के तहत शहर की 23 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन की सफाई करवाई जाएगी, जिस पर 2.74 करोड़ रुपये खर्च आएगा। यह काम 7 से 8 माह में पूरा होगा।
अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान सेक्टर 1-4 रायपुर रोड, मिल गेट रोड, सब्जी मंडी, जहाजपुल, पड़ाव चौक, बरवाला चुंगी, ऑटो मार्केट, बस अड्डा होते हुए ऋषि नगर एसटीपी तक 400 एमएम से अधिक क्षमता वाली सीवर लाइन की सफाई कराई जाएगी। इतने बड़े स्तर पर शहर में पहली बार सीवर लाइनों की सफाई करवाई जा रही है।
धंसी हुई सीवर लाइन को बदलने का टेंडर लगाया
उधर विभाग ने जहाजपुल चौक के पास धंसी सीवर की मेनलाइन का बदलने को लेकर 7 दिन की कम अवधि का टेंडर लगा दिया है। इस टेंडर के तहत करीब 100 मीटर लाइन बदलने का एस्टीमेट तैयार किया गया है, जिस पर करीब 26 लाख रुपये खर्च आएगा। बता दें कि पिछले सप्ताह विभाग की मशीन यहां मैनहोल की सफाई करने पहुंची थी, लेकिन मैनहोल से कुछ दूरी पर यह मशीन सीवर लाइन में धंस गई थी।
श्यामलाल ढाणी में नहीं सुधरी सीवर व्यवस्था को करेंगे घेराव : गर्ग
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग वीरवार को श्यामलाल ढाणी के लोगों की तरफ से दिए जा रहे धरने पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन के लिए शर्म की बात है कि 6 माह से सीवर लाइन बंद पड़ी है। प्रशासन ने तुरंत सीवर लाइन नहीं खोली तो 5 दिन बाद धरने के साथ भूख हड़ताल शुरू होगी और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर सोनू कांगड़ा, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन हनुमान ऐरन, सुनील शर्मा, मनोहर लाल, सोनू लंकेश, निरंजन गोयल, रोहित राड़ा, देवेंद्र सोनी, जग्गी गेरा, शकुंतला गेत, परमेश्वरी देवी, सीमा, उर्मिला, राजरानी, मीनाक्षी आदि मौजूद रहे।