हिसार। शहर की महाबीर कालोनी निवासी मोहित को उसके स्कूल में पढ़ने वाले कुछ अन्य छात्रों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल छात्र को अस्पताल में दाखिल कराया गया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहित ने बताया कि मैं पड़ाव चौक में एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता हूं। 19 जनवरी को स्कूल की छुट्टी होने पर मैं अपने स्कूल में पढ़ने वाले राजीव नगर के शुभम, अंकित, जयप्रकाश व मोहल्ला सैनियान के वैभव के साथ खेलने के लिए नई सब्जी मंडी में गया था। वहां करीब दो बजे भारत नगर निवासी रीगन, मिल गेट निवासी दीपक, श्यामलाल ढाणी निवासी राहुल व तीन अन्य युवक आए और हमारे साथ गाली-गलौज करने लगे। फिर हम सभी वहां से जाने लगे तो उक्त सभी युवक हमारे पीछे आ गए। उस समय रीगन ने चाकू से मेरे पेट पर वार किया। मैं किसी तरह वहां से भागा तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। मोहित ने बताया कि 18 जनवरी को मेरे दोस्त अंकित के भाई के साथ आरोपियों ने मारपीट की थी। उस दौरान मैंने आरोपियों का विरोध किया था। इसी रंजिश में मेरे साथ मारपीट की।