मौसम की पहली धनी धुंध ने दो लोगों की जान ले ली और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है। दोनों मामलों में सदर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जानकारी के अनुसार देवा मुकलान रोड पर धुंध के चलते दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में भैणी अमीरपुर निवासी 32 वर्षीय आजाद सिंह की मौत हो गई। आजाद नगर पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया है कि मृतक आजाद ट्रक चालक था, वह बुधवार को सिवानी की तरफ से आ रहा था।
हादसे में दूसरे ट्रक चालक और परिचालक भी गंभीर घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है।
उधर, एक अन्य मामले में चौथा मिल के पास नेशनल हाईवे पर एक बोलेरो चालक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे उत्तरप्रदेश के ललितपुर निवासी 32 वर्षीय भजनलाल को कुचल दिया।
पुलिस ने बताया है कि भजनलाल कामकाज के सिलसिले में हिसार आया था। वह अपने रिश्तेदार के यहां चौथा मिल स्थित घर पर जा रहा था। हिसार पहुंचे भजन लाल ने ऑटो ले लिया।
चौथा मिल के पास जब वह बताए गए पते पर जाने के लिए ऑटो से उतरकर चलने लगा तो सामने से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने ओवरटेक करते हुए उसे चपेट में ले लिया।
दोनों शवों का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।